आपका स्‍वागत हैं .

सोमवार, 5 अप्रैल 2021

भुट्टा चर्चा

अप्रैल 05, 2021 0

 अक्षर विश्व उज्जैन में प्रकाशित व्यंग्य।


भुट्टा चर्चा

भुट्टा चोरी की एक सनसनीखेज घटना पर सारे देश में हंगामा मचा हुआ है। इस पर चर्चा करने के लिए आज हमारे साथ जुड़ रहे हैं। भुट्टा चोर के प्रवक्‍ता भीक्‍खूराम जी, भुट्टा किसान के प्रवक्‍ता आड़तीलाल जी, खेतीवाड़ी विशेषज्ञ खरपतवार जी और भूख विशेषज्ञ अघाये राम जी।

भुट्टा चोरी के इस जघन्‍य और शर्मनाक अपराध के कारण आज सारे देश में अफरातफरी का माहौल बना हुआ है। कानून व्‍यवस्‍था के साथ-साथ नैतिक संकट भी खड़ा हो गया है। चर्चा की शुरूआत भीक्‍खूराम जी से करते हैं। भीक्‍खूराम जी बताएं कि आखिर भुक्‍कड़ जी ने यह अपराध क्‍यों किया?

देखिए भूख से परेशान भुक्‍कड़ जी खेत के पास से गुजर रहे थे तो भुट्टे ने उनको ललचा कर भुट्टा तोड़ कर खाने के लिए मजबूर कर दिया और जब उनको अपनी गलती का एहसास हुआ तो वे इस नुकसान की भरपाई करने के लिए भी तैयार हो गये। लेकिन किसान ने इंकार करते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। वे महोदय एक ही बात पर अड़े हुए थे। बाकी सब ठीक पर बताओ मेरा भुट्टा क्‍यों तोड़ा?

आड़तीलाल बीच में कूद पड़े। यह तो चोरी और सीनाजोरी है। आपको पता होना चाहिए कि किसान कितनी मेहनत और प्‍यार से भुट्टा उगाता है। भुट्टे से उसके कितने सपने और अरमान जुड़े हुए होते हैं। इन राम जी ने भुट्टा तोड़ा और खा लिया। ठीक है भूख लगी थी मन ललचा रहा था तो आप किसी का भी भुट्टा तोड़ कर खा लेंगे। शर्मिंदा होने की जगह भरपाई की धोंस दिखा कर किसान की भावनाओं और मजबूरी का मजाक उड़ाया जा रहा है। जब तक न्‍याय नहीं मिलेगा। हम चुप नहीं बैठेंगे। भुट्टा चोर मुर्दाबाद।…………

न्‍याय तो होना ही चाहिए। इसके पहले कि विशेषज्ञों से विचार लें। भीक्‍खूराम जी जल्‍दी से अपना जवाब दें।

भीक्‍खूराम बोलें उसके पहले ही आड़तीलाल जोर जोर से चिल्‍लाने लगते हैं। अंधेर गर्दी है। चोर को सजा मिलना चाहिए।

भीक्‍खूराम भी चिल्‍लाने लगते हैं। भुट्टा खाया तो क्‍या हुआ। फिर दोनों एक साथ चिल्‍लाने लगते हैं और किसी को कुछ समझ नहीं आता है। बड़ी देर तक हू, हुआ चलती रहती है। फिर संचालक उन दोनों से भी ज्‍यादा जोर से चीख कर उन्‍हें चुप कराने में सफल होता है और बहस के नियमों पर लंबा प्रवचन देने के बाद विशेषज्ञ घास पतवार जी को आमंत्रित करता है।

घास पतवार जी दार्शनिक लहजे में। खेती वाड़ी बड़ा जोखिम का काम हो गया है। जंगली और आवारा जानवर तो नुकसान करते ही हैं। अब इंसान भी उनके साथ मिल गया है।(बीच में भीक्‍खूराम चीखने ल‍गते हैं।) आप बोल रहे थे तो मैं सुन रहा था। अब आप सुनिये। जब मैं ही बोल नहीं पा रहा हूं तो किसान खेती कैसे कर पाएगा। कोई भी जब चाहे भुट्टा तोड़ लेगा तो न्‍याय कैसे होगा। भीक्‍खूराम चिल्‍लाते हैं। भूख लगी थी खा लिया। पैसे दे रहे हैं तो नहीं, न्‍याय चाहिए। अब भुट्टे की जगह खेत में भुक्‍कड़ जी खड़े हो जाएं। इस हु, हुआ के बीच घास पतवार जी चीखते हैं। भूख चोरी का अधिकार नहीं है। भुट्टे के बदले भुट्टा यह तो जंगल राज है। हम संविधान को मानने वाले सभ्‍य समाज हैं। हमें न्‍याय चाहिए।

काफी मशक्‍कत के बाद किसी तरह हु,हुआ रोक कर संचालक अघाये राम जी को आमंत्रित करता है। आप बड़ी देर से और धैर्य से सुन रहे थे। आप संक्षेप में बात रखें। समय की कमी है।

मैंने अपना जीवन भूख से आरंभ किया था। खा खा के भूख को ठिकाने लगाने में विश्‍वास रखता हूं। भूख लगे तो जो मिले खा लेना चाहिए। मैं इसे मौलिक अधिकारों में शामिल करने की लड़ाई लड़ रहा हूं। भूख एक प्राकृतिक आपदा है। मेरे मित्र भुक्‍कड़ पर यह आपदा आई और उन्‍होनें भुट्टा खा लिया। भुट्टा खा कर उन्‍होंने कोई गलत काम नहीं किया है। कोई अन्‍याय हुआ ही नहीं तो न्‍याय मांगने का सवाल ही पैदा नहीं होता है।

दोस्‍तो आपने सबके विचार सुने और मुद्दा बहुत ही गंभीर है। एक तरफ भूख और दूसरी तरफ न्‍याय। इसका निर्णय हम आपके विवेक पर छोड़ते हैं और बहस को यहीं समाप्‍त करते हैं।

नोट : इस बहस में चैनल से कोई निर्देश नहीं मिला था इसलिए संचालक समझ नहीं पाया कि किसका साथ देना लाभप्रद होगा।

कुशल कुमार

 


सोमवार, 14 दिसंबर 2020

आसमान पर थूकोगे

दिसंबर 14, 2020 1
आसमान पर थूकोगे तो थूक मुंह पर आएगी। कहीं भी कचरा फेंकोगे तो वापस घर में आएगा। बीमारी बन कर आए या बरसात की बाढ़ में आए। आसमान पर तो कोई नहीं थूकता है पर सडकों, दीवारों और सार्वजनिक जगहों पर थूकना और कचरा फेंकना हमारा सामाजिक अधिकार है। जिसे हमसे कोई नहीं छीन सकता है। हम सफाई पसंद लोग हैं और हम अपना कचरा भी किसी साफ जगह और सड़क पर फेंकते हैं। जब हम कार-बस से चल रहे होते हैं। तब कांच नीचे कर कचरा फेंकने में जो आनंद मिलता है, वह अतुल्‍य होता है। अतुल्‍य से अतुल्‍य का निर्माण होता है। कचरे का डब्‍बा और गटर जैसी गंदी जगहों का हम गाली देने के लिए इस्‍तेमाल करते हैं। यह गाली संसद में पहुंची और छा गई। गटर कहने पर हंगामा तो बनता ही है। यह अलग बात है। जिस तरह पहाड़ों से नदियां निकलती हैं। उसी तरह शहरों की ईमारतों से गटर निकलते हैं। जितनी बड़ी ईमारत, उतना बड़ा गटर। हमारे शहर और हम शहरी लोग तमाम तरह के गटरों से घिरे हैं और गटरों पर बसे हैं। गटर भी शहरों की झुग्गियों में जिंदगियों की तरह अभिशप्त हैं और उनसे भी अभिशप्‍त हैं गटरों के भीतर जाकर हमारे गंदगी साफ करने वाले। शहरों के पास बहने वाली नदियां यहां तक की समंदर भी शहरों की गंदगी के आगे हार मान चुके हैं। अब तो उन पर चुनाव लड़े जाते हैं। पहले जमाने की बात और थी। नदियों के किनारे नगर बसते थे और जीवन प्राकृतिक था। गंदगी भी प्राकृतिक थी। जो प्रकृति के चक्र में घूम कर प्रकृति में मिल जाती थी। अब शहरों में नदी तालाब हो ना हो गटर होना जरूरी होता है। पानी तो पाइपों में, टैंकरों में, रेल में, कहीं से भी आ जाएगा पर गंदगी कहां जाएगी। आज नगरों में जो भी नदियां और तालाब दफन होने से बच गए हैं। वे गटर बनने के लिए अभिशप्त हैं। यहां मुंबई में शहर के बीचों-बीच मीठी नदी बहती थी। कभी किसी जमाने में उसमें नौका विहार हुआ करता था। पिछले 15 सालों से नगर पालिका के हाकीमों-ठेकेदारों की नौका तैर रही है। गटर शब्द पर ना जाएं। नाम बदनाम है परंतु काम अनमोल है। गटर हमारी स्वच्छता और स्वास्थ्य के रक्षक हैं। उनकी सेहत से हमारी सेहत का अंदाजा लगाया जा सकता है। प्रकृति ने भी हमारे और हर प्राणी के भीतर नालियां बनाई हैं। जब तक हमारे भीतर की नालियां साफ और चलती रहती हैं, हम स्वस्थ रहते हैं। जब इनके भीतर गंदगी भर जाती है, रुकावट आ जाती है तो हमारे जीवन पर भी संकट आ जाता है। प्रकृति ने तो नालियां ही बनाई थी। हमने अपने आचार-विचार, व्‍यवहार, लालच, स्‍वार्थ, अ‍हंकार, वासनाओं, विकृतियों और नशों आदि की गंदगी से उनको गटर बना दिया है। यह गंदगियां भी प्‍लास्टिक की तरह आसानी से खत्‍म नहीं होती हैं। एक प्‍लास्टिक ने शहरों के गटरों को तो दूसरे ने मानवता में प्रवाह को रोक कर सडांध भर दी है। कुशल कुमार यह लेख आज का आनंद में प्रकाशित है।